लिव इन पार्टनर की हत्या कर आरोपी ने किया सरेंडर

 

हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी थाने पहुंचा जहाँ उसने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले कर अब मामले की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मुकेश पुजारी हरिद्वार स्वास्थ्य विभाग में एसीएमओ (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) के ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, मुकेश की पहली पत्नी से दो जवान बेटे हैं, लेकिन पिछले करीब 11 वर्षों से वह पिंकी नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पिंकी शिवलोक कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर चलाती थी और मूल रूप से भभूतावाला बाग की निवासी थी। दोनों के रिश्ते से एक आठ वर्षीय बेटी भी है। बताया जा रहा है कि मुकेश को पिंकी के चरित्र पर शक था,और इसी शक के चलते उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक तड़के करीब 3 बजे मुकेश शिवलोक कॉलोनी पहुंचा और पिंकी पर फायरिंग कर दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद मुकेश स्वयं रानीपुर कोतवाली पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत मे लेकर मौके से बरामद हथियार को कब्जे में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी मुकेश पुजारी को हिरासत में ले लिया गया है। प्राथमिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद और संदेह का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *