इस स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं का टीकाकरण न होने की शिकायत पर जागे स्वास्थ्य अधिकारी

 

एक ओर जहां जिले के कलक्टर गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है तो ठीक इसके उलट जिले के स्वास्थ्य अधिकारी कितने गंभीर हैं जिला मुख्यालय से महज 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी को देख पता चलता है। स्थानीय लोगों ने जब आवाज उठाई की स्वास्थ्य केंद्र में पिछले तीन माह से गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के टीकाकरण नहीं हो रहा तो तब कहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जागे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस.रावत से उक्त मामले में जब जानने की कोशिश की गई तो जवाब में उन्होंने बताया कि व्यवस्था कर दी गई है।
बहरहाल इससे साफ होता है कि स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के टीकाकरण नहीं हो रहा था। भटवाड़ी गाँव के पूर्व मालगुजार भगवती नौटियाल ने बताया कि उनकी बहू व नाती का उक्त स्वास्थ्य केंद्र में विगत अप्रैल माह से टीकाकरण नहीं हो पाया। उक्त स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे तमाम स्थानीय लोगों ने जब एएनएम की जानकारी जुटाई तो पता चला कि स्वास्थ्य केंद्र की तीन एएनएम जिला मुख्यालय और उसके आसपास अटैच हैं। स्थानीय लोगों ने पीएचसी के एमओआईसी को एक पत्र देकर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुधारने को कहा और ऐसा न होने की दशा में आंदोलन की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *