गत 2 जून को देर रात देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा पूर्व मंडल अध्यक्ष को दो बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी थी। गोली लगने से भाजपा युवा मोर्चा नेता रोहित नेगी की मृत्यु हो गई थी। हत्यारे अब भी फरार हैं जिसको लेकर लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है। हालांकि पुलिस अभी आरोपियों की तलाश कर रही है मगर आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
इस बीच सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने भी इलाके में हुई इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने एक युवा नेता की हत्या के जिम्मेदार दरिंदों को तत्काल पकड़ने के साथ ही कठोरतम ऐसी सजा देने की मांग की है ताकि कोई भी इस तरह के जघन्य अपराध की सोच तक न रख सके। उधर मृतक के परिजनों में भी उनके बेटे की हत्या के बाद हत्यारों को अभी तक पुलिस द्वारा गिरफ्त में न लेने को लेकर गुस्सा है। वे हत्यारों को पकड़ कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। मृतक के परिजन व स्थानीय लोग क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के नेतृत्व मे एसएसपी देहरादून से मिले।जहां उन्होंने जल्द ही आरोपित को पकड़ने और कड़ी से कड़ी सजा दिलवाले की मांग की। विधायक श्री पुंडीर ने कहा कि इस घटना को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा डीएम से भी बात कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।