पुलिस ने एक ब्लैकमेलिंग गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी उधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सुधीर कुमार नामक व्यक्ति ने 23 मई, 2025 को एक शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला ने उन्हें फोन पर बहला-फुसलाकर एक अज्ञात जगह पर उनका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद, वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उनसे ब्लैकमेलिंग की गई।
इधर उक्त मामले के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर की गहन जांच की। जिसके आधार पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा निवासी भड़ा भूड़िया, थाना खटीमा, गुरदयाल सिंह उर्फ बग्घी निवासी विडोरा मझोला, थाना नानकमत्ता और सीमा कौर पत्नी राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा, निवासी भड़ा भूड़िया, थाना खटीमा की गलाबाग मच्छीझाला, नानकमत्ता जाने वाली सड़क के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनके गिरोह में कुल 6 लोग शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं और चार पुरुष हैं। इस गिरोह की सरगना मनजीत कौर निवासी विडोरा मझोला, थाना नानकमत्ता है, जिसका आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी एक नाबालिग बच्ची की शादी कराने के आरोप में सितारगंज थाने से जेल जा चुकी है और इस तरह की ब्लैकमेलिंग में सक्रिय रही है। यह गिरोह मुख्य रूप से खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज क्षेत्र के अमीर लोगों को निशाना बनाता था।
उक्त आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में मनोहर सिंह दसौनी प्रभारी निरीक्षक, खटीमा, विनोद जोशी निरीक्षक थाना खटीमा, उप निरीक्षक भूपेंद्र सिंह रंसवाल, उप निरीक्षक किशोर पंत, कांस्टेबल नवीन खोलिया, कमल पाल व महिला कॉन्स्टेबल सुनीता रावत शामिल रहे।