रामनगर के डिग्री कॉलेज के पास महाराष्ट्र मुंबई से आए पर्यटकों की एक बस पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमले में बस के शीशे टूट गए जिससे पर्यटक डर गए। पर्यटक कार्बेट नेशनल पार्क के एक पर्यटक जोन से जंगल सफारी से लौटकर बस में सवार हो रहे थे। पर्यटकों की बस संख्या डीएल 01148 डिग्री कॉलेज के पास ढाल में सड़क किनारे खड़ी थी,उसी दौरान कुछ स्थानीय युवक आपस में किसी बात को लेकर बहस कर रहे थे,विवाद इतना बढ़ा कि उन युवकों ने गुस्से में आकर बस के सामने स्कूटी लगा दी और देखते ही देखते बस पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पर हमला करने के दौरान युवकों ने बस के आगे और साइड के शीशे भी तोड़ डाले, उस वक्त बस में बैठे पर्यटक इस घटना से बेहद डर गए और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सके,पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने समझाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने सुनने की बजाय और ज्यादा तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। बस चालक सुनील कुमार शर्मा, जो हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी का रहने वाला है, ने तुरंत पुलिस को फोन किया।
इधर उक्त मामले में रामनगर कोतवाली के एसएसआई मनोज नयाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि पर्यटकों के वाहन पर हमला और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है,टेम्पो ट्रैवलर के चालक सुनील कुमार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा । पुलिस फिलहाल अज्ञात युवकों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है साथ ही जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।