भारत निर्वाचन आयोग के सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम स्वीप के अन्तर्गत ”मजबूत लोकतंत्र-सबकी भागीदारी” के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रमिकों को मतदान जागरूकता हेतु ग्राम पंचायत बग्याल गांव, विकासखण्ड भटवाड़ी उत्तरकाशी के मनरेगा साइट पर मनरेगा जाबकार्ड धारक श्रमिकों के साथ खंड विकास अधिकारी डॉ. अमित ममगाईं ने मतदाता श्रमिक चौपाल आयोजित कर उन्हें मतदाता शपथ दिलाई व हस्ताक्षर अभियान के साथ शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया।
बीडीओ श्री ममगाईं ने श्रमिक मतदाता चौपाल में अपनी बात रखते हुए कहा कि लोकतंत्र में गरीब हो या अमीर सभी को वोट देने का बराबर अधिकार है। इसलिए सभी निर्वाचनों में अधिक से अधिक लोग मतदान करने अवश्य जायें इससे लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सकता है। इसके अलावा उन्हाेंने कहा कि हम अपने अधिकार को जब तक प्रयोग नहीं करेंगे तब तक हमें मजबूती प्रदान नहीं होगी। अपने अधिकार को प्रयोग करते हुए हम एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। जिला स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने कहा कि राष्ट्रहित में हमें अपना मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए व किसी भी लोभ लालच में न फंसना चाहिए। यदि चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों द्वारा किसी तरह के प्रलोभन दिए जाते हैं तो उनके झांसे में न आएं और निष्पक्ष व निर्भिक होकर मतदान करें और एक स्वच्छ लोकतंत्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाकर सशक्त मतदाता बने। इस अवसर पर मनरेगा कर्मी, ग्राम विकास अधिकारी, व मनरेगा श्रमिक उपस्थित थे।