उत्तरकाशी स्थित प्रौद्योगिकी संस्थान बौन के द्वितीय वर्ष के छात्र आलोक बिष्ट, गौतम राणा, गौरव परमार एवं रोहित नौटियाल की टीम ने देहरादून स्थित वीर माधौ सिंह भंडारी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी द्वारा 26 अप्रैल को आयोजित प्रोजेक्ट कंपटीशन में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उक्त छात्रों ने “ऑटोमेटिक फायर डिटेक्शन एंड एक्सटिंग्विशिंग रोबोट कार” का मॉडल तैयार किया था। यह मॉडल कहीं पर आग लगने पर ऑटोमेटेकली पता कर सकता है और उसके बाद रोबोट द्वारा मैनेज्ड कार की मदद से इस आग को बुझाया जाना संभव है। संस्थान की दूसरी टीम के छात्र सुधीर नेगी, अंकित पंवार,आशुतोष नौटियाल एवं सूरज पैन्यूली- के प्रोजेक्ट “वाटर मॉनिटरिंग स्मार्ट सिस्टम” की भी काफी सराहना की गई। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की अन्य कॉलेजों से आई 10 टीमों ने हिस्सा लिया था ।
गौरतलब है कि गत 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने इस प्रौद्योगिकी संस्थान में “इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब” का उद्घाटन किया था। इस लैब में रोबोटिक्स, आईओटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग और 3D प्रिंटिंग की सुविधाएं मौजूद हैं। इस लैब के खुलने के बाद से यह दूसरा मौका है कि इस संस्थान के छात्रों ने विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार की प्रोजेक्ट कंपटीशन में विजय प्राप्त की है। पिछले माह विश्वविद्यालय का वार्षिक महोत्सव कौथिग- 2025 में इस संस्थान की ही एक अन्य टीम जिसमें सुधीर नेगी,अंकित पवार, एवं रोहित नौटियाल थे के प्रोजेक्ट को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था।