अल्मोड़ा के बिनसर वन्य जीव अभ्यारण्य में एक दिन पहले वनाग्नि की घटना मे 4 फायर वाचरों की मौत के मामले मे तीन आईएफएस अधिकारियों पर गाज गिरी है। सीएम ने घटना के बाद कड़ा एक्शन लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लापरवाही बरतने के आरोप मे चीफ कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट कुमाऊं पी.के. पात्रों को वन मुख्यालय में अटैच किया गया है। कंजरवेटर ऑफ फारेस्ट कोको रोसे को फोन नहीं उठाने के कारण निलंबित किया गया है। वहीं डीएफओ ध्रुव मार्तोलिया को भी सस्पेंड किया गया है।
मालूम हो कि अल्मोड़ा के विनसर के जंगल मे आग बुझाने गए 4 कर्मचारी जिंदा जल गए थे जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद वनाग्नि की चपेट में आकर झुलसे चार वन कर्मियों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच स्थित नाजुक देख मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों पर दो एयर एम्बुलेंस से झुलसे कर्मियों को दिल्ली एम्स में शिफ्ट किया गया है।