उत्तरकाशी के हर्षिल में सेब महोत्सव, विदेशी पर्यटक भी बने साक्षी,कृषि मंत्री ने सांकरी, गुंदियाटगाँव मे की सचल उद्यान केंद्र खोलने की घोषणा

 

हर्षिल में राज्य स्तरीय सेब महोत्सव का शुभारंभ कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया। कृषि मंत्री ने हर्षिल क्षेत्र को फलपट्टी बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस इलाके में हार्टी-टूरिज्म को विकसित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। हर्षिल में दो दिवसीय सेब महोत्सव का उद्घाटन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढाने और खेती-बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए अभूतपूर्व काम किए हैं। श्री जोशी ने कहा हर्षिल का सेब गुणवत्ता के मामले में बेहतरीन है। राज्य सरकार ने इस क्षेत्र के बागवानों को प्रोत्साहित करने तथा बागवानी से जुड़ी सुविधाएं व तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए काफी काम किया है। इसके साथ ही ब्रांडिंग और विणपन के मोर्चे पर भी अधिक ध्यान केन्द्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर्षिल क्षेत्र के आठ गांवों में बागों की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए घेरबाड़ करने हेतु दो करोड़ चालीस लाख रूपये की योजनाएं स्वीकृत की गई है। इस क्षेत्र के लिए अलग से सेब की खास पेटियां उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही उद्यानों में रसायनों के छिड़काव के लिए उच्च क्षमता के ड्रोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और बागवानी में नई तकनीकों का समावेशन तथा उच्च क्षमता व गुणवत्ता के उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि हर्षिल क्षेत्र के सेब की मांग काफी अधिक है लिहाजा हमें व्यावसायिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाते हुए बागवानी के विकास की बेहतरीन संभावनाओं को साकार करने के लिए जुटना होगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने मोरी व पुरोला ब्लॉक में उद्यान सचल दल केन्द्र खोले जाने की घोषणा भी की साथ ही सेब प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत, अपर निदेशक उद्यान डा. आर.के.सिंह तथा किसानों के प्रतिनिधि मोहन सिंह राणा ने विचार रखे। कार्यक्रम में कृषि विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान,डीएम अभिषेक रूहेला, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक रतन कुमार एवं बृजेश गुप्ता, मुख्य उद्यान अधिकारी डा. डी.के.तिवारी,सेब विशेषज्ञ बृजेश गुप्ता, हिमांचल प्रदेश से बागवानी विशेषज्ञ सुरेश पाजटा सहित किसान,अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इधर हर्षिल में आयोजित सेब महोत्सव का देश विदेश के पर्यटकों ने भी जमकर लुत्फ उठाया। महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर महिला मंगल दल झाला, जसपुर और बगोरी की महिलाओं की पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति ने देश-विदेश से आए पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिलाओं के रासों-तांदी नृत्यों की पांत में जुड़कर विदेशी महिला पर्यटक सामूहिक लोक नृत्यों के अनूठे रंगों से सराबोर हो उठी। इस आयोजन की साक्षी बनी ब्रिटेन की पर्यटक ईमा लोक संस्कृति के अद्भुत रंगों से अभिभूत नजर आई। ईमा हर्षिल के सेब के लाजवाब स्वाद की इस कदर मुरीद दिखीं कि उन्होंने इसे दुनिया का बेहतरीन सेब करार दिया। ब्रिटेन की ही एक अन्य पर्यटक शॉर्ले फ्लोरेंस ने सेबों की प्रदर्शनी और लोक जीवन तथा प्राकृतिक सौंदर्य को शानदार और अविस्मरणीय बताया। वहीं राजस्थान ने आई पर्ल, जाह्नवी आदि महिला पर्यटक भी महोत्सव में जमकर थिरकीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *