यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में बढ़ती यात्रियों की संख्या से चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था, अब गेट सिस्टम का कड़ाई से होगा पालन

 

यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में यात्रियों की बढती संख्या को देखते हुए जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने यमुनोत्री व गंगोत्री यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को विनियमित करते हुए गेट सिस्टम को कड़ाई से लागू कर वाहनों को नियंत्रित रूप से अगले गंतव्यों के लिए रवाना करने की व्यवस्था की है। यात्रा मार्गोें पर चिन्हित सुविधाजनक जगहों पर यात्री वाहनों को कुछ देर के लिए रोककर अब एक साथ छोड़ा जाएगा और इस दौरान दूसरी दिशा से वाहनों का आगमन बंद रहेगा।
यमुनोत्री धाम की यात्रा में क्षमता से अधिक यात्रियों के पहॅूुंचने के कारण यमुनोत्री मार्ग पर विभिन्न जगहों बार-बार लग रहे जाम की स्थिति को दूर करने तथा वाहनों में रुके पड़े यात्रियों को सुरक्षित अगले गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगा है।
डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट व एसपी अर्पण यदुवंशी ने जाम प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर इस मुहिम की आगवानी की। प्रशासन के द्वारा पालीगाड, रानाचट्टी, स्यानाचट्टी, वाहनों में प्रतीक्षारत यात्रियों के लिए पानी, बिस्किट, भोजन तथा आवास आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाई थी और एंबुलेंस सहित चिकित्सा दल को भी क्षेत्र में तैनात किया गया था। प्रशासन का कहना है कि अब यमुनोत्री मार्ग की स्थिति सामान्य है और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुजन सुव्यस्थित रूप से मंदिर के दर्शन कर रहे हैं।
डीएम ने यातायात व्यवस्था से जुड़े विभागों व अधिकारियों को यात्रा मार्गाे पर वाहनों की संख्या बढ़ने पर यातायात को विनियमित किये जाने तथा गेट सिस्टम व वन वे व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यातायात को सुचारू व सुव्यवस्थित बनाये रखने के लिए यात्रा मार्गों पर वाहनों को चिन्हित स्थानों पर कुछ देर के लिए आवश्यकतानुसार रोक (होल्ड) कर विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को पास कराने के बाद रोके गए वाहनों को नियंत्रित रूप से आगे के स्थानों हेतु रवाना कराए जाने की व्यवस्था की गई है। यमुनोत्री मार्ग पर डामटा, नौगांव, बड़कोट-दोबाटा, खरादी और पालीगाड में वाहनों को रोक (होल्ड) कर नियंत्रित रूप से आगे रवाना कराने की व्यवस्था की गई है। पालीगाड से जानकीचट्टी तक गेट सिस्टम व वन वे व्यवस्था से वाहनों का आवागमन होगा। इसी तरह की व्यवस्था गंगोत्री मार्ग पर भी लागू की गई है। गंगोत्री मार्ग पर नगुण, डुंडा, उत्तरकाशी, नेताला, हीना, गंगनानी व सोनगाड में वाहनों को रोक (होल्ड) कर आगे रवाना कराया जाएगा और सोनगाड से झाला तक गेट सिस्टम,वन वे व्यवस्था से वाहनों का आवागमन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *