हल्द्वानी/ राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अब खेल शिक्षा और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। लोहाघाट में प्रदेश का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित है, जबकि 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के जरिए जिलों की विशेष खेल पहचान विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्य, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट समेत अन्य मौजूद रहे।
