मोरी के अग्निकांड प्रभावित गाँव मे डीएम ने संभाली कमान,अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत

 

उत्तरकाशी जनपद के मोरी तहसील अंतर्गत ग्राम पवाणी में हुए अग्निकांड की सूचना मिलते ही डीएम प्रशांत आर्य के निर्देशों पर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ ही मौके पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। गौरतलब है कि गत रोज ग्राम पवाणी में अग्निकांड की घटना हुई, जिसमें 39 आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं और 39 परिवार प्रभावित हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी पुरोला सहित संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गईं।
डीएम के निर्देशों पर प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, रहने और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था की गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्थायी हेलिपैड का निर्माण किया गया है। गांव में सामुदायिक किचन स्थापित कर प्रभावितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही गांव के प्राथमिक विद्यालय में स्टोर रूम तैयार कर उसे सेल्टर के रूप में उपयोग किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। डीएम स्वयं घटना स्थल पर मौजूद रहकर राहत अभियान की कमान संभाले हुए हैं।
उधर प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों की टीमें तैनात की गई हैं। इनमें पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हैं। इधर बताया जा रहा है कि आपदा प्रबंधन मंत्री, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति , सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास द्वारा प्रभावित क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *