नई दिल्ली/ मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संबंध में प्रधानमंत्री से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सामरिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों एवं सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने राज्य के हित में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से भेंट के दौरान उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत एवं स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से जुड़े उपहार सादर भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल भेंट किए। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता एवं आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती माँ गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।
