उत्तरकाशी जनपद में मौसम विभाग द्वारा वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट है। डीएम प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है और मौसम की स्थिति एवं यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जनपद की विभिन्न तहसीलों से मौसम एवं अन्य संबंधी सूचनाएँ प्राप्त की जा रही हैं। साथ ही लाइव सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम सहित मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
डीएम ने जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा एवं बर्फबारी की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए एवं आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने, ठंड से बचाव हेतु अलाव की व्यवस्था करने तथा मौसम एवं यात्रा संबंधी सूचनाएँ समय-समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। जिला प्रशासन संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए तत्पर है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में संबंधित अधिकारियों अथवा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करें।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी
01374-222722
Mo-7310913129
