नैनीताल डीएफओ ऑफिस में लगी आग,कई फाइलें जलकर हुई खाक

 

नैनीताल/ नैनीताल के चिडियाघर परिसर में स्थापित नैनीताल वन प्रभाग के कार्यालय में आज सुबह अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक विभाग की कई महत्वपूर्ण फाइलें व दस्तावेज जलकर राख हो गए।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे जू स्थित नैनीताल वन प्रभाग के कार्यालय के समीप पर्यावरण मित्र सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर कार्यालय के एक हिस्से से उठ रहे धुएं पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वहां आग लगी हुई थी। कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना विभागीय कर्मचारियों को दी जिसके बाद अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को कुछ ही देर में नियंत्रित कर लिया। लेकिन तब तक कार्यालय में रखी फाइलें व दस्तावेज जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि आग भवन के अन्य हिस्से में नहीं फैली। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग से कार्यालय में कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन विभागीय स्तर पर किया जा रहा है। यदि आग पर तत्काल काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के हिस्सों तक फैल सकती थी। इससे कार्यालय के साथ ही चिडिय़ाघर की अन्य व्यवस्थाएं भी प्रभावित होने की आशंका थी। बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदाजा लगाया जा रहा है। आग के चलते कार्यालय में रखी कई फाइलें जल गई। फिलहाल कितना नुकसान हुआ है इसका आंकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *