देहरादून/ देहरादून में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवस में प्रशासन के समक्ष ठगी व धोखाधड़ी के मामले पहुंचे जिन पर जांच के निर्देश हुए हैं। ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। रेखा चतरथ ने बताया कि उनके साथ 18.95 लाख रुपये, नीलम नेगी के साथ 14.75 लाख रुपये तथा ऋतु गर्ग के साथ 4.25 लाख रुपये की निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए गए।
नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने बताया कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया तथा कंपनी के कहने पर 1.75 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई। फर्जी कंपनी के विरुद्ध धोखाधड़ी की जांच एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग पर सीओ को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगे जाने की शिकायत की। इस मामले में सीओ पटेलनगर को जांच सौंपी गई है। नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन वृद्धावस्था में पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस मामले में भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए गये हैं।
सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने धोखाधड़ी कर उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को विक्रय किए जाने तथा भूमि खुर्द-बुर्द करने की शिकायत की। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
