उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र के ग्राम बरी में कुल्हाड़ी से हमला कर 38 वर्षीय करमचंद की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कस्बा मोरी से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को ग्राम बरी में करमचंद पुत्र ढ़टीराम पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए तथा शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
उधर मृतक की पत्नी की तहरीर पर 8 सितंबर को थाना मोरी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने आरोपी के घर, रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। तकनीकी निगरानी और फील्ड स्तर पर किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने सुमन चन्द्र देव पुत्र जयचन्द, निवासी दांताधार तोक, ग्राम बरी, मोरी, उत्तरकाशी उम्र 20 वर्ष को कस्बा मोरी से गिरफ्तार कर लिया।
