देहरादून/ रायपुर इलाके में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 18 हजार रुपये की बकाया मजदूरी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर सोने का कंगन समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की कारोबारी दिनेश बंसल से 18 हजार रुपये की बकाया मजदूरी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी पैसे मांगने के लिए घर पहुंचा था। घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं। पैसों को लेकर विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर हमला कर दिया। महिला के घायल होकर गिरने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत होने का अंदेशा होने पर आरोपी उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान भी थे।
सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मामला गंभीर होने पर एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद थाना रायपुर में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। उक्त
घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी थी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई और सर्विलांस के जरिए भी पड़ताल शुरू की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने उसकी गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की कड़ियां जोड़ते हुए उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर क्षेत्र में रह रहा था। वह त्रिलोक गेस्ट हाउस में रात के समय सुरक्षा गार्ड का काम करता था।
इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर के तौर पर भी काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 15 वर्षों से बंसल परिवार को जानता था।
यही वजह थी कि उसे परिवार की दिनचर्या और घर से जुड़ी कई जानकारियां थीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी,दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घर के पीछे का दरवाजा खुला रहने की जानकारी थी। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं। आरोप है कि आरोपी ने महिला से बकाया मजदूरी के 18 हजार रुपये मांगे। पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया।
हमले के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं। पुलिस का दावा है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है, तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन, घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा और मोबाइल फोन बरामद करने की जानकारी दी है।आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
उधर रायपुर क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने 5,000 रुपये और एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
