उत्तरकाशी जिला योजना में कथित भ्रष्टाचार व यमुनोत्री विधानसभा की विकास योजनाओं में उपेक्षा को लेकर
शुक्रवार को विधायक संजय डोभाल सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय में गरजे। जिला मुख्यालय में कलक्ट्रेट का घेराव कर सरकार पर जमकर बरसे।
कलक्ट्रेट में बेरिकेटिंग को लेकर विधायक ने कहा कि यदि जिला योजना की सूची में संसोधन न किया गया तो वे आने वाले समय मे बेरिकेटिंग को ही उखाड़ फेकेंगे चाहे फिर जो भी होगा। उन्होंने कहा कि वे यमुनोत्री विधानसभा की उपेक्षा को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं कर सकते। विधायक ने आरोप लगाया कि जिला योजना में यमुनोत्री विधानसभा के साथ विकास कार्यों को लेकर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल समेत कई जरूरी विकास कार्यों के प्रस्ताव लंबित पड़े हैं। विधायक श्री डोभाल ने कहा कि यमुनोत्री की जनता के विकास के अधिकार से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला योजना में पारदर्शिता, विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता देने और कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायतों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों का निष्पक्ष मूल्यांकन कर दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा साथ ही उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
