डुंडा में 12वे राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर 35 से अधिक बुनकरों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

 

जिला उद्योग केन्द्र, उत्तरकाशी के तत्त्वावधान मे ब्लॉक डुंडा में 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद में हथकरघा (Handloom) कला को जीवित रखने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 से अधिक बुनकरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने उपस्थित बुनकरों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हथकरघा उद्योग हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की रीढ़ है। स्थानीय बुनकरों को इस परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी इस हुनर से जोड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने डुंडा क्षेत्र को ‘ऊन बाजार’ (Wool Market) के रूप में विकसित करने की संकल्पना प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उद्योग विभाग के समन्वय से क्षेत्र के हथकरघा उद्योग को नए आयाम तक पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएँगे।
विगत वर्षों के राज्य स्तरीय पुरस्कृत बुनकरों की भी सराहना की गई
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केन्द्र उत्तरकाशी के प्रभारी महाप्रबंधक श्री वैभव कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, विगत वर्षों में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले बुनकरों की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया।
समारोह में सम्मानित होने वाले प्रमुख बुनकरों में श्री कैर सिंह, श्रीमती बिजेन्द्री देवी, श्री लक्ष्मी चन्द, श्री धर्म सिंह, श्रीमती सौम्पा देवी सहित 35 से अधिक बुनकर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *