देहरादून/ देहरादून के डोईवाला में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी सृष्टि कंडारी के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया।
बता दें कि गत 29 जुलाई 2026 को शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली डोईवाला में दी गयी तहरीर मे कहा कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री निवासी हर्रावाला से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था. इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को मामले की विवेचना सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने सृष्टि कंडारी की मां और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान सृष्टि कंडारी की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसे सृष्टि ने घटना से पहले भेजा था। वीडियो में उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
पुलिस टीम ने आज मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है। गिरफ्तार सृष्टि का पति सचिवालय मे निजी सचिव के पद पर तैनात है। गौरतलब है कि सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। 29 जुलाई की रात पोस्ट मार्टम होने के बाद 30 जुलाई की दोपहर हरिद्वार के खड़खड़ी शमशान घाट में सृष्टि का अंतिम संस्कार किया गया। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत 29 जुलाई को मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सृष्टि ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की। उसने ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वीडियो बनाने के बाद सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर ससुराली उसे कैलाश हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। वीडियो मे सृष्टि ने ससुरलियों द्वारा उसे मनहूस कहने और उसके आने के बाद परिवार पर विपदा आने जैसे कई आरोप लगाकर उत्पीड़न किये जाने की बात कही। मृतका राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली), विकासखण्ड कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल में शिक्षिका थी।
सृष्टि का नवंबर 2025 में दून निवासी सौरभ खत्री के साथ विवाह हुआ था। सृष्टि का पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर है।
तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि से कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने लगी हैं और उसके कारण ही परिवार के एक सदस्य की मृत्यु हुई। बताया जाता है कि शादी के कुछ ही महीनो बाद सृष्टि के ससुर का देहांत हो गया था। उसके लिए भी सृष्टि को कोसा जा रहा था।
सृष्टि की मां का आरोप है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन पर उन्हें अपनी प्रताड़ना के बारे में बताया था। सीमा कंडारी ने अपनी तहरीर में कहा है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस घटना में पति सौरभ खत्री, उसकी मां, बहन तथा अन्य परिजनों की भूमिका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।