डीएम प्रशांत आर्य ने शनिवार को स्यानाचट्टी में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात शीघ्र बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर किया जाए तथा सभी आवश्यक संसाधन तत्काल मौके पर उपलब्ध कराए। डीएम ने अधिशासी अभियंता एनएच को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने के भी सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसडीएम बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक प्रभावी,सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। वैकल्पिक पैदल मार्ग पर आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में रस्सिया तथा सोलर लाइट सहित सुरक्षा व्यवस्था के सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिये।
इधर यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भारी भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते कई वाहनों को रास्ते में ही रोक दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने स्यानाचट्टी पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम करते हुए तत्काल वैकल्पिक मार्ग का निर्माण करने और फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित निकालने के सख्त निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन और संबंधित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक मार्ग को वाहनों के चलने योग्य बना दिया । वैकल्पिक मार्ग से अब फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित रूप से निकाला जा रहा है।