मत्स्य पालन में महिलाएं, मत्स्य सहेली समूह का डीएम ने मिया उदघाटन

 

राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी के विकासखंड नौगांव के खरादी में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत निर्मित “मत्स्य सहेली” का उद्घाटन डीएम प्रशांत आर्य ने किया।
मत्स्य सहेली का संचालन माँ दुर्गा स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जाएगा, जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर ताज़ी एवं मूल्यवर्धित मत्स्य उत्पादों का विपणन किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय मत्स्य पालकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर विपणन सुविधा उपलब्ध होगी तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर डीएम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ना शासन की प्राथमिकता है। मत्स्य क्षेत्र में इस प्रकार की पहल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी। उन्होंने समूह से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने, स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा ग्राहकों का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जनपद में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं नवाचारी कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *