सृष्टि रंग मंडल के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिये किया सहकारिता का प्रचार-प्रसार

 

उत्तरकाशी,केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सहकारिता सप्ताह पखवाड़ा 29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जा रहा है
इस पखवाड़े को लेकर सहकारिता विभाग एवं उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने हेतु विकासखण्ड भटवाड़ी और डुंडा में तथा पीएम श्री राबाईंका उत्तरकाशी में सृष्टि सामाजिक संस्थान के स्वयं सहायता समूह “सृष्टि रंग मण्डल” के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिला सहकारी बैंक लि० द्वारा आयोजित व नाबार्ड द्वारा प्रायोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को सहकारिता विभाग एवं बैंक द्वारा संचालित रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं, वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग तथा बढ़ते डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सहकारिता विभाग एवं बैंक की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यह भी अवगत कराया गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2026 को महिलाओं के कृषि क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को वैश्विक मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से “अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिला किसानों के सशक्तिकरण, कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का विशेष प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *