मानव उत्थान सेवा समिति ने मोरी-त्यूनी में लगाया योग शिविर,निरोग रहने के सिखाए गुर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति शाखा मोरी-त्यूनी(उत्तरकाशी)ने एक योग शिविर का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ताओं,मानव उत्थान सेवा समिति के प्रेमियों और भारी संख्या में जनमानस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में जिला प्रधान डॉ.सोवेन्द्र सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योग मुद्राओं,प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम की बारीकियों से अवगत कराया। डॉ.सिंह ने स्वयं मंच से योग की विभिन्न गतियों का प्रदर्शन कर वहां मौजूद लोगों को इसके स्वास्थ्य लाभ बताए।
डॉ.सोवेन्द्र सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं बल्कि यह हमारी आत्मा और मन को जोड़ने का विज्ञान है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि हम रोज सुबह खुद को थोड़ा समय देकर योग मुद्राओं और प्राणायाम को अपने जीवन में डाल लें,तो हम न सिर्फ शारीरिक बीमारियों से दूर रहेंगे,बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्त हो जाएंगे। सतगुरु देव सतपाल महराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति का सदैव यही प्रयास रहता है कि समाज का हर नागरिक स्वस्थ और अध्यात्म से समृद्ध बने।
योग शिविर को सफल बनाने में समिति के समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपनी अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में शाखा प्रधान गुगमल राम,जोबन आर्य, प्रदीप कुमार, नीरज, सावित्री देवी, सीता,साबू,मथुरा,मोनी सहित क्षेत्र के तमाम श्रद्धालु और प्रबुद्ध नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने संकल्प लिया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *