नैनीताल में कार दुर्घटना, चालक समेत पांच की मौत,मृतकों में चार एक ही परिवार के

 

पर्यटकों की कार के खाई मे गिरने से उसमे सवार 5 लोगों को मौत हो गयी। हादसे मे पिता, पुत्र, मां तथा बेटी सहित ड्राइवर की भी मौत हो गयी।
घटना नैनीताल जिले के सेनेटोरियम- रातीघाट बायपास रोड, भवाली स्थित ढैला गांव से 500 मीटर पहले हुई जिसमे एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या यूपी 32 क्यूयू 1874) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के वक्त फूड वाहन लगाने वाले एक व्यक्ति ने अनियंत्रित कार को गिरते हुए देखा और पुलिस को सूचित किया। कार खाई में गिरते हुए नीचे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह वहीं अटक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची। खाई ज्यादा गहरी होने की वजह से रेस्क्यू टीम को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को रस्सियों से खींचकर बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
उक्त दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांचों लोगों भूपेंद्र सिंह चुफाल, 48 वर्ष, निवासी- खटीमा, उधमसिंहनगर, सीमा चुफाल पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल, 45 वर्ष,वासु चुफाल पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल, 19 वर्ष,रावी चुफाल पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल, 12 वर्ष
व अनुज कुमार मिश्रा (वाहन चालक) पुत्र रमा सागर मिश्रा, 33 वर्ष, निवासी- लखनऊ, उत्तर प्रदेश थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *