नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिवस पर आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय उत्तरकाशी में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया। केवि की प्राचार्या कविता बिजारनिया द्वारा माँ सरस्वती का माल्यार्पण कर स्वागत गीत के साथ उक्त कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए हुए छात्र- छात्राओं ने विकसित भारत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रयान, आदित्य L-1 और साथ ही परीक्षा के मूल मंत्र जैसे विषयों पर मोहक चित्रों का सृजन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम अपेक्षा नौटियाल, द्वितीय हिमेश नौटियाल,तृतीय सहर खान, चतुर्थ प्रिया नेगी एवं पंचम स्थान साक्षी साह ने प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पीजी कॉलेज उत्तरकाशी की डॉ मधु बहुगुणा,डॉ.गंगोत्री के अलावा आयुष बधानी शामिल रहे। जिन्होंने प्रतियोगिता के अंत में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सुवचनों के साथ प्रतियोगिता का समापन भी किया।
