उत्तरकाशी, जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग लंबे समय से लंबित है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल गैस वितरित करें

मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी ने गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, वितरण प्रणाली, बुकिंग एवं डिलीवरी के बीच लगने वाले समय तथा उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग पिछले दो माह या उससे अधिक समय से लंबित है और उन्हें अभी तक सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ है, ऐसे सभी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रभाव से गैस वितरित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी गैस एजेंसी प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस स्टॉक की उपलब्धता बनाए रखें तथा मांग के अनुरूप समय से आपूर्ति सुनिश्चित करें साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी उपभोक्ता के साथ भेदभाव न हो और सभी को समान रूप से सेवा प्राप्त हो। बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस एजेंसियों की निगरानी करें, वितरण व्यवस्था का औचक निरीक्षण करें तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे उपभोक्ताओं से संवाद बनाए रखें, डिलीवरी की सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या का शीघ्र समाधान करें।

उन्होंने जनपद के विभिन्न गैस ऐजेंसी संचालकों को 5 kg इण्डेन गैस सिलेंडर की उपलब्धता की संख्या को ओर बढ़ाने के निर्देश दिये l

उन्होंने कहा गैस जैसी आवश्यक सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी या विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी संचालकों को जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाएगी l आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *