उत्तरकाशी/ जिला प्रशासन चारधाम यात्रा की अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है। रविवार को एडीएम मुक्ता मिश्र ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेते हुए गंगोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए।
गंगोत्री धाम की यात्रा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एडीएम ने गंगोत्री में ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य,विद्युत पोलों को ठीक करने तथा पेड़ों की लोपिंग का कार्य 15 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश ईई को दिए। बीआरओ को क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग चढ़ेथी में सड़क का चौड़ीकरण कल तक पूर्ण करने एवं लिमच्यागाड़ में सड़क चौड़ीकरण यात्रा से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए साथ ही डबरानी और काली पहाड़ी के पास सड़क समतलीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर पूर्ण करने को कहा। धराली और हर्षिल के पास भी यात्रा मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा वैकल्पिक मार्ग मंडी-स्यासु पुल को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। भूस्खलन जोन पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने के साथ ही जेसीबी ऑपरेटरों,जेई और एई के मोबाइल नंबरों की गूगल शीट अद्यतन करने के निर्देश भी दिए।