दिल्ली से नैनीताल घूमने आई एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी टैक्सी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हल्द्वानी के मुखानी का 39 वर्षीय दीपक बोरा है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती द्वारा तल्लीताल थाने में दी शिकायत के अनुसार, युवती बीती 5 तारीख की रात दिल्ली से देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची तो उसने नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी की। टैक्सी चालक ने नैनीताल से 10 किलोमीटर पहले मुख्य मार्ग से डाइवर्ट कर टैक्सी को पटवाडांगर सड़क की तरफ ले गया। टैक्सी चालक ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। महिला किसी तरह अपनी अस्मत बचाकर नजदीकी जंगल में भाग गई। रातभर जंगल में भटकने के बाद युवती किसी तरह मुख्य मार्ग में पहुँची। मुख्य राजमार्ग में नजदीकी गांव की महिलाओं से मिलने के बाद पीड़िता ने तल्लीताल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेन्सिक टीम ने निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन किये। युवती का सनैनीताल के बी.ड़ी.पाण्डे अस्पताल में मेंडिकल कराया गया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बी.एन.एस.में मुकदमा दर्ज किया गया।
उधर नैनीताल के एसएसपी डॉ.मंजुनाथ टी.सी.ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एस.पी.सिटी डॉ.जगदीश चंद्र को शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष तल्लीताल के नेतृत्व में टीम ने सी.सी.टी.वी.कैमरों की मदद से वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगन आर और उसमें लगे जी.पी.एस.सिस्टम से चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन(Vivo Y100) बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टैक्सी को भी सीज कर दिया है।