देहरादून/ देहरादून के रायपुर क्षेत्र के नेहरू ग्राम में शादी के मेहंदी समारोह में डांस के
दौरान एक व्यक्ति की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। पिस्टल से निकली गोली महिला के पैर में लगी जिसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर लिया है साथ ही लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। इस मामले में गढ़वाली कॉलोनी नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर पर शादी से पूर्व मेहंदी का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने आए उनके परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत कई लोग नाच रहे थे। उन्होंने अपनी कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगाई थी। नाचने के दौरान ही पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इससे उनकी साली नीलिमा घायल हो गईं। उन्हें फौरन कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण नेगी को हिरासत में ले लिया। साथ ही पिस्टल भी जब्त कर ली। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि पिस्टल का लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है साथ ही लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए डीएम को मामले की रिपोर्ट भेजी जाएगी।