उत्तरकाशी, पीजी कॉलेज में डीएम प्रशांत ने किया आईटी लैब का उदघाटन

 

उत्तरकाशी पीजी कॉलेज परिसर में डीएम प्रशांत आर्य ने अत्याधुनिक आईटी लैब का विधिवत उद्घाटन किया। डीएम ने लैब का निरीक्षण किया और लैब में उपलब्ध कंप्यूटर सिस्टम, इंटरनेट सुविधा एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का अवलोकन कर इसकी उपयोगिता पर संतोष व्यक्त किया। डीएम ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं सहित सभी क्षेत्रों में तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने छात्रों को निर्देशित किया कि आईटी लैब का उपयोग केवल शैक्षणिक और रचनात्मक कार्यों के लिए करें। नियमित अभ्यास, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान डीएम ने महाविद्यालय के पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। इस पुस्तकालय के संसाधनों में डीएम के निर्देशों पर महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है। अब विद्यार्थियों के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की नई पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष पुस्तकें, शोध सामग्री और पत्र-पत्रिकाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
कॉलेज प्राचार्य पंकज पंत ने डीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईटी लैब एवं समृद्ध पुस्तकालय से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक परिणामों में सकारात्मक सुधार होगा और वे भविष्य में उच्च पदों पर आसीन होकर जनपद का नाम रोशन करेंगे।

इस दौरान एसडीएम शालिनी नेगी सहित छात्र संघ के पदाधिकारी एवं अन्य प्रवक्तागण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *