उधमसिंहनगर जिले के सितारगंज में रनसाली आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर एक पिता- पुत्र ने हमला कर दिया और वन दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जान शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रनसाली रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र मेंअवैध खनन रोकने गए वन दरोगा नंदकिशोर पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार को वह वनकर्मी भूपेंद्र कुमार, शक्ति सिंह, सूरज कार्की के साथ आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष संख्या एक में पहुंचे जहाँ उन्होंने देखा कि कुछ ट्रैक्टर ट्रालियों में अवैध खनन सामग्री को भरा जा रहा है। कैलाश नदी में किये जा रहे इस खनन में राजकुमार निवासी साधुनगर, उसके बेटे सम्मलित थे।। मौके पर पहुंचने पर जब वन विभाग की टीम ने आरोपियों से खनन संबंधित कागजात मांगे, तब वह नहीं दिखा सके। इसके बाद वन विभाग की टीम अवैध खनन भरे वाहनों को रेंज कार्यालय ले जाने लगी। आरोप है इस दौरान पांच हमलावरों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए वाहन से कुचलने का प्प्रयास किया साथ ही आरोपियों ने वन दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी। वन विभाग के दरोगा ने आरोप लगाया कि हमलावर उन्हें झूठे केस में फसाने की धमकी भी दे गए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।