डीएम प्रशान्त आर्य ने विकास भवन में संचालित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों का स्पष्टीकरण लेने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण पर डीएम ने सभी विभागों की गहनता से समीक्षा की। डीएम ने पंचायती राज विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को कार्य की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए साथ ही संचालित कार्यों की जानकारी नही होने और संतोषजनक उत्तर नही देने पर नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। सहकारिता विभाग की समीक्षा पर डीएम ने अमीनो की प्रगति पर कड़ी नाराज़गी जताई और तियां सहकारी समिति के तहत निर्माणाधीन गोदाम और केंद्रीय उपभोक्ता भंडार में प्रस्तावित पुस्तकालय की विस्तृत रिपोर्ट प्रतुत करने के निर्देश दिए साथ ही रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराने तक सम्बंधित का वेतन आहरण पर रोक लगाने के भी निर्देश दिये। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने छात्रवृत्ति, पेंशन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।
डीएम ने विकास भवन में आरडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे मम्मतीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया और तय समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम ने महिला बाल विकास विभाग की एकल महिला स्वरोजगार योजना से संबंधित पत्रावली को तत्काल उपलब्ध कराने को जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी निर्देश दिए।