मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, मारने वाले को दो लाख इनाम देने का ऐलान

 

कोटद्वार में गत 26 जनवरी को दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद सुर्खियों में आए मोहम्मद दीपक फिर चर्चा में हैं। उन्हें अब सोशल मीडिया के माध्यम से खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई है। वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक यह घोषणा करता नजर आ रहा है कि जो कोई भी मोहम्मद दीपक को मारेगा, उसे दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। चौंकाने वाली बात यह है कि धमकी देने वाला युवक वीडियो में हाथ में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां भी दिखा रहा है।
उधर सोशल मीडिया पर इस धमकी भरे वीडियो के सामने आने के बाद मोहम्मद दीपक ने कोटद्वार कोतवाली में पुलिस को लिखित तहरीर दी है। तहरीर में दीपक ने वीडियो के जरिए उन्हें सरेआम जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे न केवल उनकी बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। इधर इस मामले को लेकर कोटद्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि मोहम्मद दीपक की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो बनाने वाला युवक कौन है और वह कहां का रहने वाला है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि गत 26 जनवरी को दुकान के नामकरण को लेकर हुए विवाद के बाद मोहम्मद दीपक चर्चाओं में आ गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *