नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट,उत्तरकाशी बोर्ड के एक वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम हुए। पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान तथा एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा द्वारा बड़ेथी ओपन टनल के नजदीक पालिका द्वारा नव निर्मित पार्क का उद्घाटन किया गया। तदोपरांत मनेरा में रजत जयंती पार्क का शिलान्यास किया गया।
इधर दोपहर में रामलीला मैदान में नगर पालिका द्वारा श्री काशी विश्वनाथ फुटबॉल रनिंग ट्राफी टूर्नामेंट का भी शुभारंभ कराया गया। टूर्नामेंट के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि एसडीएम डुंडा व पालिका चेयरमैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल मैच शुरू कराया। इस दौरान पालिका बोर्ड के सभासद भी मौजूद रहे। इससे पूर्व पालिका की ओर से उत्तरकाशी के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ियों को नगर पालिका की ओर से सम्मानित किया गया।