बड़े भाई ने छोटे भाई को पीटकर मौत के घाट उतारा,आरोपी गिरफ्तार

 

हल्द्वानी के बरेली रोड पर राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में बीती देर रात एक जघन्य वारदात हुई जहाँ मामूली पारिवारिक विवाद में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल स्टील के भारी लोटे से भाई का सिर और चेहरा छलनी कर दिया, बल्कि उसे तख्त पर पटक-पटक कर तब तक मारा जब तक उसके प्राण नहीं निकले।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात आरोपी बड़ा भाई संदीप जायसवाल जब घर पहुँचा, तो वह मानसिक रूप से काफी उग्र था। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते संदीप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। परिजनों के मुताबिक, वह पागलों की तरह चिल्ला रहा था कि ‘मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, आज तुझे नहीं छोडूंगा।’ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप ने पास में रखा स्टील का एक भारी लोटा उठाया और सोनू के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। वार इतने घातक थे कि सोनू का चेहरा लहूलुहान हो गया। जुल्म यहीं नहीं रुका, आरोपी ने घायल सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा। घर में मौजूद अन्य परिजनों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। खौफजदा परिजन अपनी जान बचाने के लिए एक कमरे में बंद हो गए और बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जब मारपीट की आवाजें शांत हुईं, तो परिजनों ने किसी तरह अपने परिचितों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुँचते ही आरोपी संदीप जायसवाल घर के पीछे के रास्ते से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल अचेत और लहूलुहान सोनू को अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर मृतक के परिजनों की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में आरोपी संदीप जायसवाल के खिलाफ हत्या (धारा 302/आईपीसी) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इधर बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में हुए हत्याकांड का एसएसपी नैनीताल डॉ- मंजूनाथ टीसी की टीम ने महज 4 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सगे भाई की हत्या करने वाले आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्टील का लोटा और एक अवैध रिवाल्वर मय कारतूस बरामद की है। एसएसपी ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित कीं थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त संदीप जायसवाल पुत्र स्व- लल्लन प्रसाद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक अवैध 32 बोर की रिवाल्वर और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसके चलते उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि वह पहले से ही एक अन्य मामले में जमानत पर चल रहा था। घर में आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी और उसके छोटे भाई सोनू की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। गरीबी और तंगी के कारण भाई का इलाज न करा पाने की कुंठा और तनाव में संदीप ने उस रात शराब पी रखी थी। नशे और गुस्से में उसने स्टील के लोटे से भाई पर वार कर दिया, जो जानलेवा साबित हुआ।
उक्त अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता, एसएसआई रोहताश सिंह सागर, चौकी प्रभारी मेडिकल रविन्द्र राणा, चौकी प्रभारी हीरानगर कृपाल सिंह, कां0 मो.अजहर और जगदीश भण्डारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *