दीदी-भुली महोत्सव में सीएम धामी ने की महिला सशक्तिकरण की बात,100 करोड़ से अधिक विकासपरक योजनाओं का भी किया लोकार्पण व शिलान्यास

 

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित दीदी-भुली महोत्सव में मुख्य अतिथि प्रतिभाग करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं को सशक्त बनाने को लेकर महिला महिला सशक्तिकरण की बात कही। उन्होंने कहा महिलाओं को सशक्त बनाकर हमें देश मे प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर अनेक प्रयास व कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बता रही है कि हमारी दीदी-भुली भी किसी से कमतर नहीं है। उन्होंने कहा कि अब राजकीय सेवाओं में भी प्रदेश में महिलाओं को 30 प्रतिशत का आरक्षण देने का विधेयक हमारी सरकार ला रही है।
मुख्यमंत्री ने दीदी-भुली महोत्सव में कहा कि पहाड़ की संस्कृति और उसकी विरासत को आज भी जोड़े रखना एक बड़ी मिशाल है जो कि इस महोत्सव में दिखाई दे रहा है। उन्होंने उत्तरकाशी में पारंपरिक खेती के साथ ही अभी हाल में लाल धान की खेती और उसके उत्पादन में उत्तरकाशी को देश मे दूसरा स्थान मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज उत्तरकाशी दुग्ध उत्पादन में भी अग्रणी जिला है। रवाईं घाटी के उत्पादन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने यहां के किसानों,काश्तकारों की उपलब्धि की प्रशंसा की। उन्होंने भटवाड़ी ब्लॉक में जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण होने को भी उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिये हर सम्भव प्रयास और कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि यह देव भूमि है और सरकार देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहे इसके लिये सरकार ने अनाधिकृत अतिक्रमणहटाने का कार्य किया जो कि जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चार-धाम यात्रा से लेकर कावड़ यात्रा सरकार की प्राथमिकताओं में है और इस यात्रा में लाखों लोगों का देवभूमि में आना इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड में चार धाम यात्रा पूर्व के वर्षों से कहीं अधिक बेहतर है वजह अब सरकार के कही अधिक बेहतर इंतजामात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को कई उपलब्धि मिल रही हैं। उन्होंने सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में मिली सफलता का श्रेय वहां के बौखनाग देवता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री की हर सम्भव मदद बताया। मुख्यमंत्री ने आगामी 22 नवम्बर को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही रामलला अपने मूल स्थान में विराजमान हो रहे हैं जिसमे करोड़ों देशवासियों की आस्था जुड़ी है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह,विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान ने भी महोत्सव को संबोधित किया। इस दौरान विधायक दुर्गेश लाल,संजय डोभाल, दर्जाधारी राजकुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, डीएम अभिषेक रुहेला, एसपी अर्पण यदुवंशी समेत अन्य अधिकारी व भाजपा संगठन से जुड़े लोग व कार्यकर्ता मौजूद थे।
उधर इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री धामी ने जिले की 100 करोड़ से अधिक विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने तिलोथ विद्युत गृह के नवीनीकरण,पुनरोद्धार आदि कार्यों का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस द्वारा प्रकाशित सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन पर बनी काफी टेबल बुक का भी लोकार्पण किया तो वही डीएम ने मुख्यमंत्री को पंचपुरा भवन की कृति व सिलक्यारा के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के फोटो का कोलाज भेंट किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने रोड शो के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के भी दर्शन किये और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने महोत्सव मैदान में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *