संतोष साह
देहरादून/ डीएम सविन बंसल के जनता दरबार मे माता-पिता की मृत्यु और सौतेली मां द्वारा पेंशन और संपत्ति अपने नाम कर दो जुड़वा बच्चों को अनाथ कर देने का मामला आया। रायवाला निवासी जुड़वा भाई-बहन अक्षरा व वैभव के मामले को ग्राम प्रधान रायवाला ने डीएम के समक्ष रखा और पारिवारिक संपति व पेंशन बच्चों को दिलाने की मांग रखी जिस पर डीएम ने एडीएम को पिता की संपत्ति बच्चों के नाम कराने और डीपीओ को बच्चों को वात्सल्य जैसी स्पांशरशिप स्कीम से जोड़कर सहयोग पहुंचाने के निर्देश दिए।
इधर जनता दरबार मे आये अन्य मामलों में बिहार निवासी सुधा देवी ने डीएम से गुहार लगाई की उनका 02 वर्षीय बेटा गंभीर बीमार है पति मजदूरी करते है बेटे के उपचार के लिए रुपये नही है जिस पर डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को उपचार कराने के निर्देश दिए साथ ही उपजिलाधिकारी मुख्यालय को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर महिला के बच्चे को दून चिकित्सालय में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। यदि दून में संभव नही होगा तो निजी चिकित्सालय में उपचार कराया जाएगा। किशनपुर राजपुर निवासी कैंसर पीड़ित रेनू ने डीएम से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई जिस पर डीएम ने रेनू के उपचार के लिए रायफल फंड से धनराशि देने तथा मुख्यमंत्री कल्याणकोष से पत्रावली प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।
इधर डीएम के जनता दर्शन में ऋण माफी के फरियादी बढ़ गए हैं। फरियादी किरण देवी ने डीएम से गुहार लगाई कि वर्ष 2014 में 5 लाख का ऋण लिया तथा उसने 10 लाख की किस्त भी जमा करा दी हैं। बैंक वाले रिकवरी के लिए परेशान कर रहे हैं। जिस पर डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के प्रकरण की जांच के निर्देश दिए है कि 5 लाख के लोन में 10 लाख धनराशि जमा होने के उपरान्त भी प्रकरण निस्तारित क्यों नही हुआ है। मेहूवाला निवासी विधवा नेहा ने डीएम से गुहार लगाई कि उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक राजपुर से 5 लाख का ऋण लिया था उनके पति की वर्ष 2023 में दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। दो बच्चे हैं जिनके भरण पोषण में दिक्कत आ रही हैं, उन्होंने ऋण माफी की गुहार लगाई, जिस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी न्याय को आवश्यक निर्देश दिए। सुंदरवाला निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला कृष्णा कुमारी ने किराएदार द्वारा उनके घर पर कब्जा करने की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
डीएम के जनता दरबार मे 184 समस्याएं आई जिनमे अधिकांश पर मौके पर निस्तारण व अन्य शिकायतों को अधिकारियों को गंभीरता से लेने के डीएम ने दिए निर्देश।