संतोष साह
नैनीताल में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार सुबह प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देश की सुख, शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मु पहले मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। इसके पश्चात राष्ट्रपति मुर्मु ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। धाम आगमन पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह तथा कैबिनेट मंत्री डॉ- धन सिंह रावत मौजूद रहे।
