कौसानी के सोली गाँव स्थित मुर्गी फार्म में मरी मुर्गियों में मिले बर्ड फ्लू के लक्षण, गाँव के 10 किलोमीटर के दायरे में कुकुट उत्पादन की बिक्री पर रोक, 1 किलोमीटर के दायरे में सभी पक्षियों को समाप्त (कुलिंग) के भी निर्देश

 

डीएम आशीष भटगांई ने एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) नियंत्रण हेतु गठित जनपद स्तरीय समिति की बैठक में
कौसानी के सोली गांव के फाॅर्म में मरी मुर्गियों में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने को गंभीरता से लेते हुए गांव के एक किलोमीटर दायरे में सभी पक्षियों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार तुरंत समाप्त (कुलिंग) करने को कहा।
डीएम ने सोली के 10 किलोमीटर दायरे में कुक्कुट पक्षियों और उनके उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने, अन्य जनपदों से कुक्कुट पक्षियों के आवागमन को अग्रिम आदेश तक रोकने और मृत मुर्गियों के निस्तारण को सरकारी गाइडलाइन के अनुसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ये सभी कदम केवल जनहित में बुनियादी सुरक्षा उपाय के रूप में उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने, वन विभाग को प्रवासी पक्षियों की निगरानी करने तथा सीमावर्ती चेकपोस्ट पर पुलिस को सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के.जोशी ने बताया कि जनपद में कुक्कुट पक्षियों के सैंपल लेकर आईवीआरआई बरेली भेजे जा रहे हैं। कौसानी के ग्राम सोली स्थित एक मुर्गी फार्म में मुर्गियों की असामान्य मृत्यु की सूचना मिलने पर मृत पक्षियों के सैम्पल टॉक्सीकॉलॉजिकल परीक्षण के लिए भेजे गए थे, जिनमें एवियन इन्फ्लूएंजा के लक्षण पाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *