डीएम उत्तरकाशी प्रशांत आर्य की अच्छी पहल, आपदा प्रभावित किसानों की उगाई सब्जी का उचित मूल्य दिलवाया, राहत शिविरों में होगी सब्जी की खपत

 

डीएम प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार धराली हर्षिल के आस–पास के प्रभावित क्षेत्रों के किसानों से फल और सब्जियों को खरीदने की पहल शुरू की गई है। जिसका उद्देश्य प्रभावित क्षेत्र के किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना और उनको आर्थिक नुकसान से उबारना है। हर्षिल धराली में आयी प्राकृतिक आपदा के बाद से प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने के प्रयास लगातार जारी हैं। धराली हर्षिल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद मार्ग बाधित होने के कारण प्रभावित क्षेत्रों के किसानों द्वारा उगाई गई सब्जियां और फल बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसलिए डीएम ने प्रभावित परिवारों को प्रोत्साहन देने के लिए उद्यान विभाग को प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय किसानों से उनके द्वारा उगाई गई सब्जियां और फलों का उचित मूल्य पर क्रय करने के निर्देश दिए।
उद्यान विभाग द्वारा खरीदी गई सब्जियों का इस्तेमाल आपदा प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे राहत शिविरों व एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सम्बंधित एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक किचेन में किया जाएगा।
इसके बाद उद्यान विभाग द्वारा धराली गांव के 21 किसानों से कुल रुपए 37080 की सब्जियां खरीदकर राहत शिविरों के सामुदायिक किचेन के लिए भेजी गई जिसमे 40 रू प्रति किलो की दर से 309 किलो पत्ता गोभी, 50 रू प्रति किलो की दर से 304 किलो फूल गोभी तथा 40 रू प्रति किलो की दर से 238 किलो कद्दू खरीदे गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *