हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में एक डॉक्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। डॉ. की पहचान जिला अस्पताल में संविदा पर तैनात डॉ. गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली कि डिफेंस कॉलोनी के पास झाड़ियों में शव पड़ा है। सूचना पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला और एसओ नरेश राठौड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल पर सैंपल एकत्र किए गए। मृतक की पहचान 37 वर्षीय डॉ. गोपाल गुप्ता निवासी मुख्य बाजार लक्सर के रूप में हुई। डॉ. गोपाल जिला अस्पताल हरिद्वार में संविदा पर कार्यरत थे। रोजाना की तरह बीते गुरुवार सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। एसएसपी डोबाल ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि कंबल से गला घोटकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया। कंबल गले पर बुरी तरह कसा हुआ था। पुलिस के साथ सीआईयू को भी हत्याकांड के खुलासे की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी ने दावा किया कि जल्द हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।