दो सगी बहनों की हत्या, गोलियों की गूंज से दहला रुड़की

 

 

हरिद्वार के रुड़की शहर में मंगलवार देर शाम को हुई एक वारदांत में करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो सगी बहनों को गोली मार दी गई, जिसमें दोनों महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दोहरी वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है और शक की सुई मृतक महिलाओं के भाई की ओर घूम रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रीत विहार निवासी संगीता ई-रिक्शा से सेक्टर रोड के रास्ते कहीं जा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पहली वारदात के करीब 10 मिनट बाद ही बदमाश ने दूसरी घटना को अंजाम दिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी संगीता की बहन पुष्पा और उसके पति पर उनके घर के बाहर गोली चला दी गई। हमले में पुष्पा की मौत हो गई, जबकि उसका पति गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर दो बहनों को गोली मारे जाने की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। घटनास्थलों पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस घटनाओं के बीच कड़ी जोड़ते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। दोनों वारदातों में एक ही आरोपी व आपसी पारिवारिक विवाद की भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में शक की सुई महिलाओं के भाई की ओर भी इशारा कर रही है, हालांकि पुलिस अभी मामले की गहन जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *