नगर पालिका उत्तरकाशी के रामलीला मैदान वार्ड 6 में 1637 मतदाता हैं। इसमें करीब 60 फीसदी मतदाता व्यापारी हैं। मुख्य बाजार समेत जयपुर मंदिर,रामलीला मैदान और केदारघाट का इलाका इस वार्ड में है। यह वार्ड आम चुनाव को लेकर वैसे भाजपा का एक तरह से वोट बैंक माना जाता रहा है मगर इस बार निकाय चुनाव में यहाँ तस्वीर कुछ और नजर आ रही है। मतदाताओं की नब्ज टटोलने पर चाहे वह किसी दल विशेष या आम मतदाता ही था, उससे वार्ड में कहीं वोट बैंक वाली जैसी बात नहीं सुनी जा रही है। मतदाताओं की राय में प्रत्याशियों को परखने, जमीन से जुड़े चेहरे को तवज्जो देने,नगर के विकास व वार्ड के रामलीला मैदान की सुरक्षा व इसके सौंदर्यीकरण आदि को तवज्जों देने पर ही वोट करने जैसी बातें निकल कर आ रही हैं। नगर पालिका उत्तरकाशी के चेयरमैन पद के उम्मीदवारों में भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है, मगर इस वार्ड मे मतदाताओं के बोल में ज्यादा हलचल भाजपा व निर्दलीय में है। निर्दलीय करंट से भाजपा की जोर आजमाइश व वार्ड के कैडर वोट को एक जुट करने में पसीने जरूर छूट रहे हैं।