मवेशी चरा रहे युवक को बाघ ने मार डाला

 

रामनगर/ कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो वन गुज्जर खत्ते में मवेशी चरा रहे एक 22 वर्षीय युवक पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मां और चचेरे भाई के साथ मवेशी चरा रहे दिलशाद का शव वन कर्मियों ने घटना के दो घंटे बाद बरामद किया। मिली जानकारी के अनुसार दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22 वर्ष), निवासी फाटो वन गुज्जर खत्ता, ढेला, अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान फाटो गुज्जर खत्ते में कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया। बाघ युवक को घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। घटना के बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जंगल के भीतर से दिलशाद का शव बरामद किया गया। फाटो रेंज अधिकारी ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। जहां एक वन गुज्जर परिवार जंगल में अपने मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *