देहरादून/ महंत इन्दिरेश अस्पताल के पास 14 लाख की लूट के मामले में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से ये गिरफ्तारी हुई है। इनके कब्जे से घटना में लूटे गए 82 हजार रुपये बरामद हुए हैं। लूट की घटना में शामिल पांच आरोपियों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है।
शिकायत कर्ता राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी हरिपुर कलां मोतीचूर अपने प्लॉट के सौदे के सम्बन्ध में देहरादून आए थे। 14 लाख रुपये लेने जाने के दौरान उनके साथी दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविन्दर के साथ इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों द्वारा उनसे मारपीट की और फिर पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए ।पुलिस ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते 9 नवंबर को लूट की घटना में शामिल 3 आरोपी सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को घटना में लूटे गए डेढ़ लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। फिर एक दिन पूर्व आरोपी कर्ण यादव पुत्र केशरी यादव व सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू पुत्र फिरोज अख्तर को गिरफ्तार किया गया था। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार उनके संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। आरोपी घटना के बाद से ही अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संबंध में सर्विलांस के माध्यम से जानकारियां एकत्रित की गई। फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों से आरोपी सिद्वान्त बडोनी पुत्र भारतभूषण को घटना में लूटे गए 40 हजार रुपए के साथ तथा दीपक सिंह शेखावत पुत्र बिहार सिंह 42 हजार रुपए के साथ गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अब तक पुलिस द्वारा लूट की घटना को अंजाम देने वाले 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी सिद्वान्त बडोनी पुत्र भारत भूषण, निवासी 391 मौहल्ला कोतवाली पटेलनगर जनपद देहरादून उम्र 24 वर्ष है। वहीं दीपक सिंह शेखावत पुत्र बिहार सिंह, निवासी 14 एमडीडीए कॉलोनी लक्ष्मण चौक उम्र 25 वर्ष है।
