जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश सिंह चौहान की अध्यक्षता में जिला पंचायत उत्तरकाशी की बोर्ड बैठक में कई प्रमुख निर्णय लिये गए।
जिला पंचायत की आय में वृद्धि हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा उपलब्ध परिसंपत्तियों से अधिकतम राजस्व प्राप्त करने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत की समस्त परिसंपत्तियों का सर्वेक्षण एवं अभिलेखों का अद्यतन कराकर उनकी वर्तमान स्थिति एवं उपयोगिता की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत की परिसंपत्तियों को नियमानुसार लीज,अनुबंध अथवा पीपीपी मोड पर संचालित कर आय के नए स्रोत विकसित करने का निर्णय लिया गया। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुलिया, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया। चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, विशेषकर गंगोत्री एवं यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर नियमित निरीक्षण एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए यमुनोत्री धाम, गंगोत्री धाम, जानकीचट्टी, गंगनानी एवं अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध संभावनाओं का उपयोग करने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत की बैठक में सदस्यों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत द्वारा संचालित,निर्मित गेस्ट हाउस, यात्री विश्राम गृह एवं अन्य परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन आख्या आगामी बोर्ड बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में पेयजल ,विद्युत,स्वास्थ्य,
पर्यटन,समाज कल्याण,शिक्षा पर चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला पंचायत द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों के समक्ष रखे गए जनहित एवं विकास संबंधी प्रकरणों पर की गई कार्यवाही की विभागवार अनुपालन आख्या निर्धारित समय सीमा में जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में अनुपस्थित विभागीय अधिकारियों को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बैठक में लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ लागू करते हुए आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति से अवगत कराना सुनिश्चित करें। बैठक में विकास विभाग के अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।