मरीज नहीं, एंबुलेंस में मिला 45 लाख का 90 किलो अवैध गांजा, एक गिरफ्तार

 

श्रीनगर, गढ़वाल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के समीप पुलिस टीम ने एक इको एंबुलेंस संख्या UK14-PA-0539 को चेकिंग के लिए रोका. वाहन की गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर 9 कट्टों में छिपाकर रखा गया कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट, पुत्र स्व. कृपाल सिंह, निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह श्रीकोट क्षेत्र में एंबुलेंस का संचालन करता है। वह अपने एक अन्य सहयोगी के साथ एंबुलेंस के माध्यम से जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजे के कट्टे लेकर श्रीनगर पहुंच रहा था। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि गांजा रुद्रप्रयाग क्षेत्र से अपेक्षाकृत कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।किपुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त रहा है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *