पति ने की पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या
नैनीताल जिले के ओखलकांडा के खनस्यूं थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है मिली जानकारी के अनुसार ओखलकांडा में आरोपी भीम सिंह बोहरा ने विवाद के बाद अपनी पत्नी डिक्री देवी उम्र 28 वर्ष पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किये जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 22 अगस्त को आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग निकला। मासूम बच्चा दिनभर अपनी मां को गहरी नींद में समझता रहा। शाम तक जब मां के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब सहमे बच्चे ने पड़ोसियों को बताया जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत खनस्यूं थाना पुलिस को सूचना दी।मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 10 वर्ष का है। मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनके सिर से माता-पिता दोनों का साया छिन चुका है।
उधर उक्त घटना के बाद सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के नेतृत्व में पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया है। मृतका के पिता गुमान सिंह निवासी अघौड़ा
की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में 3 टीमें गठित की गई हैं। नैनीताल पुलिस ने आरोपी का पोस्टर जारी किया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।